युवाओं को अपने कानूनी अधिकारों बारे जानकारी होना बेहद जरूरी : एडवोकेट योगेश मेहता
एमएम शिक्षण महाविद्यालय में कानूनी जागरूकता को लेकर विस्तार व्याख्यान का आयोजन

युवाओं को अपने कानूनी अधिकारों बारे जानकारी होना बेहद जरूरी है। यदि हमें इन कानूनी अधिकारों बारे जानकारी होगी तभी हम इसका लाभ उठा पाएंगे। कानूनी तौर पर सही और गलत का अंतर समझ पाएंगे।
यह बात वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश मेहता ने मनोहर मैमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में लीगल क्लब व सेक्सुअल हैरेसमेंट क्लब द्वारा कानूनी जागरूकता को लेकर आयोजित विस्तार व्याख्यान को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योति एवं प्रो. रेखा रानी द्वारा किया गया। कॉलेज प्राचार्या डॉ. जनक रानी ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

एडवोकेट योगेश मेहता ने विद्याथियों को बताया कि कानूनी जागरूकता विद्याथियों के लिए कितनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारी दैनिक जिंदगी में छोटी-छोटी बातों में बड़े-बड़े कानून होते हैं, जिनके बारे में हमें जानकारी नहीं है। यदि हमें इनके बारे में जानकारी होगी तभी हम अपने अधिकारों के लिए लड़ सकते हैं। उन्होंने यौन उत्पीडऩ से जुड़े कानूनों के बारे में भी छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सेक्सुअल हैरेसमेंट एक्ट 2013 के बारे जानकारी देते हुए बताया कि जिस भी कार्यस्थल पर 10 या इससे अधिक महिलाकर्मी है, वहां स्थानीय स्तर पर शिकायत समिति का गठन करना होता है। कार्यस्थल पर महिलाओं के किसी भी प्रकार के उत्पीडऩ को रोकने और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानून में कठोर प्रावधान है।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे कभी भी अपने को कमजोर न समझें। जीवन में आने वाले हर चुनौती का डटकर सामना करें। एडवोकेट योगेश मेहता ने छात्राओं को महिला अधिकारों, घरेलू हिंसा अधिनियम, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों बारे भी बताया। अंत में प्राचार्या डॉ. जनक रानी ने मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह के रूप में पौधा भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर कॉलेज के समस्त स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।

#legalcell #womenentrepreneurs #awareness #cdlu #advocate #mmpgcollege #teacher #education